हरिद्वार | 14 जनवरी 2026, संजीव मेहता।
हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार लगातार ठोस और योजनाबद्ध कदम उठा रहा है। इसी क्रम में आज नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) ने भगत सिंह चौक के समीप स्थित नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफर स्टेशन को पूरी तरह सुव्यवस्थित और वैज्ञानिक पद्धति से संचालित किया जाए।
घर-घर कूड़ा संग्रहण पर विशेष फोकस
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत घर-घर ठोस अपशिष्ट संग्रहण का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। जिन वार्डों की संकरी गलियों में वाहन नहीं पहुंच पाते, वहां से एकत्र कूड़े को भगत सिंह चौक स्थित ट्रांसफर स्टेशन पर लाकर सुनियोजित ढंग से प्रबंधन किया जा रहा है।
गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स पर सख्त कार्रवाई
शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न वार्डों में चिन्हित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (GVP) को लगातार कम किया जा रहा है, जिससे अनियंत्रित कूड़ा जमा होने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
वेस्ट टू वंडर पार्क बनेगा आकर्षण का केंद्र
स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने के उद्देश्य से भगत सिंह चौक स्थित ट्रांसफर स्टेशन के समीप वेस्ट टू वंडर पार्क विकसित करने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। यह पार्क न केवल स्वच्छता का संदेश देगा, बल्कि शहर के सौंदर्य में भी इजाफा करेगा।
13 नए टिपर वाहन, लक्ष्य शत-प्रतिशत कलेक्शन
नगर निगम हरिद्वार को शासन से 13 नए ठोस अपशिष्ट संग्रहण टिपर वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों के माध्यम से सभी वार्डों में घर-घर कूड़ा संग्रहण को शत-प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन की तैयारी
नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) ने जानकारी दी कि भविष्य में भगत सिंह चौक स्थित ट्रांसफर स्टेशन को पूर्णतः मशीनरी युक्त स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है।
हरियाली और निगरानी व्यवस्था भी होगी मजबूत
ट्रांसफर स्टेशन परिसर में शीघ्र ही वृक्षारोपण किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों की तैनाती कर आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी की जा रही है, ताकि बाहरी एवं अनधिकृत वाहनों पर रोक लगाई जा सके।
नगर निगम हरिद्वार द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे ये निरंतर प्रयास निश्चित रूप से आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग सुधारने के साथ-साथ हरिद्वार को एक स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित नगरी के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।