हरिद्वार, 06 अक्टूबर 2026।, संजीव मेहता। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में सड़क तंत्र को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराने के लिए शहर की आंतरिक सड़कों से लेकर प्रमुख संपर्क मार्गों तक बड़े पैमाने पर सड़क सुधार के कार्य कराए जा रहे हैं।
कुंभ की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए सड़कों के नवीनीकरण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और फुटपाथ निर्माण पर विशेष फोकस किया जा रहा है। मेला प्रशासन संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय कर कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है।
14.70 किमी आंतरिक मार्ग होंगे बेहतर
हरिद्वार शहर में लोक निर्माण विभाग के अधीन पुराने दिल्ली-ऋषिकेश राज्य मार्ग समेत करीब 14.70 किलोमीटर हिस्से में बीसी से सड़क नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 21.64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक 3 किमी मार्ग को 3.93 करोड़ रुपये की लागत से बेहतर किया जा रहा है। वहीं बंगाली मोड़ से झंडा चौक, श्रीयंत्र मंदिर होते हुए बूढ़ीमाता मंदिर तक 2.885 किमी सड़क पर 3.94 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मेला क्षेत्र की सड़कों पर भी फोकस
शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चंद्राचार्य चौक और आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों के साथ बैरियर से गुघाल मंदिर जाने वाले करीब 6.90 किमी मार्ग का 6.44 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण कराया जा रहा है।
इसी तरह आईरिस पुल से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग तक जाने वाले 6.74 किमी मार्ग का 3.91 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है।
ज्वालापुर-ललताराव-चंडीघाट मार्ग के करीब 7 किमी हिस्से में भी नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण के लिए 4.27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
भारत माता मंदिर से कनखल तक भी बदलाव
पुराना आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर तक 3.15 करोड़ रुपये की लागत से सीसी मार्ग प्रस्तावित है। वहीं मध्य हरिद्वार में नगर निगम के अधीन आंतरिक मार्गों के सुधार के लिए 5.78 करोड़ रुपये तथा कनखल क्षेत्र में विभिन्न मार्गों के सीसी निर्माण के लिए 1.99 करोड़ रुपये की योजना तैयार है।
78 किमी में 12 प्रमुख सड़कों पर काम
कुंभ की तैयारियों के तहत हरिद्वार डिवीजन में करीब 78 किलोमीटर लंबाई की 12 सड़कों को बेहतर बनाने के कार्य भी प्रगति पर हैं।
बहादराबाद-सिडकुल चार लेन मार्ग को भाईचारा ढाबा से बीएचईएल बैरियर संख्या-06 होते हुए शिवालिक नगर चौक तक करीब 4 किमी हिस्से में चौड़ा और मजबूत किया जा रहा है। वहीं पतंजलि योगपीठ से सहदेवपुर, दिनारपुर, सुभाषगढ़ होते हुए फेरूपुर तक 16.70 किमी मार्ग के डेढ़ लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का काम जारी है।
बहादराबाद-धनौरी-इमलीखेड़ा-भगवानपुर-गागलहेड़ी राज्य मार्ग-68 के 4 किमी हिस्से का भी सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया जा रहा है। ज्वालापुर से ईदगाह, सुभाषनगर, पीएसी होते हुए शिवालिक नगर तक 3.40 किमी मार्ग का बीसी नवीनीकरण भी जारी है। आबादी वाले हिस्सों में सड़क के शोल्डर पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम भी किया जा रहा है।
इसके अलावा सीतापुर-जमालपुर कलां-जियापोता मार्ग के 5.50 किमी और ज्वालापुर-सराय-एक्कड़-बहादरपुर जट-अम्बूवाला-धनपुरा मार्ग के शुरुआती 3 किमी हिस्से में भी सड़क सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
कुंभ के बाद भी मिलेगा फायदा
सड़क सुधार की यह कवायद केवल कुंभ मेले तक सीमित नहीं रहेगी। बेहतर सड़क सतह, मजबूत संपर्क मार्ग और विकसित फुटपाथ हरिद्वार के दीर्घकालिक यातायात तंत्र को भी मजबूती देंगे। इससे मेला क्षेत्र के साथ शहर और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी राहत मिलेगी।
कुंभ-2027 को लेकर सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है—हरिद्वार में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात का बेहतर अनुभव देना। इसी दिशा में सड़क तंत्र का व्यापक सुदृढ़ीकरण मेला तैयारियों का अहम हिस्सा बन गया है।