नैनीताल, 06 अक्टूबर। संजीव मेहता।कैंचीधाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और वीकेंड पर बिगड़ती यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन अब पूर्व रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। मंडलायुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जिला प्रशासन को आगामी दिनों में रजिस्ट्रेशन व्यवस्था शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।इस व्यवस्था का उद्देश्य कैंचीधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का पहले से आकलन कर यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को उसी के अनुरूप संचालित करना है।वीकेंड पर विशेष निगरानी के निर्देशमंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में कैंचीधाम की यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक में मंडलायुक्त दीपक रावत ने वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं से होटल की अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम आने की अपील की गई, ताकि पहुंचने के बाद ठहरने की समस्या न हो।वीकेंड पर सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।टैक्सी बाइक से लेकर पार्किंग तक होगी निगरानीपरिवहन विभाग को वीकेंड के दौरान टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में परिवहन विभाग के बूथ स्थापित किए जाएंगे।कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग पर रोक लगाने के लिए सभी दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए।मंदिर में लगेंगे हेड काउंट कैमरेकैंचीधाम मंदिर में वीकेंड के दौरान आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पर नजर रखने के लिए हेड काउंट कैमरे लगाए जाएंगे। मंदिर के गेटों पर भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।बारापत्थर के जाम पर भी हुई चर्चाबैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण यहां जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने जिले की सभी सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त करने को कहा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डामरीकरण और पैचवर्क का काम जारी है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। Post Views: 918 Post navigation प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, घटना को दिखाया सड़क हादसा, जानिए कैसे खुला राज