हरिद्वार, संजीव मेहता।SMJN. पी.जी. कॉलेज हरिद्वार में शुक्रवार को भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी एवं कॉलेज की पूर्व छात्रा मनीषा चौहान के सम्मान में एक प्रेरणादायी समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खेल, शिक्षा और संस्कारों के समन्वय की अनूठी झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि मनीषा चौहान आज देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, संयमित जीवनशैली और अथक परिश्रम ने ही मनीषा को इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनकी उपलब्धि ने हरिद्वार ही नहीं, पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने मनीषा के छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि वे वर्ष 2017 से 2020 तक महाविद्यालय की छात्रा रहीं और उस समय भी उनमें आत्मविश्वास, दूरदृष्टि और नेतृत्व क्षमता स्पष्ट दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि हॉकी में मिडफील्डर टीम की रीढ़ होता है और मनीषा ने इस भूमिका को बखूबी निभाते हुए मैदान पर विरोधी टीमों के लिए अभेद्य दीवार का काम किया है। इसी कारण अब उन्हें ‘हिमालयी दीवार’ के नाम से पहचाना जाएगा।

मुख्य अतिथि मनीषा चौहान ने सम्मान के लिए कॉलेज परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता में महाविद्यालय और शिक्षकों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए लक्ष्य पर फोकस बनाए रखना और निरंतर प्रयास करना बेहद जरूरी है, क्योंकि निरंतर अभ्यास से ही सफलता का गोल संभव है।

इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने मनीषा चौहान को शुभकामनाएं देते हुए उनके माता-पिता श्री ज्ञान सिंह चौहान, श्रीमती बीना देवी और कोच श्री बलविंदर सिंह के योगदान की सराहना की। वहीं सह-अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. शिवकुमार चौहान ने भी मनीषा को बधाई दी और कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती सीमा चौहान, जिला उपाध्यक्ष भाजपा हरिद्वार का आभार प्रकट किया।

समारोह में प्रो. जे.सी. आर्य, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. विनीता चौहान, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. रजनी सिंघल, डॉ. पदमावती तनेजा, डॉ. लता शर्मा सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।