हरिद्वार, 30 जुलाई। संजीव मेहता।संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भगवानपुर के चुड़ियाला में आयोजित भव्य कलश बंधन महारैली से उत्तराखंड में समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाई और स्वयं सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल हुए।सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का समरसता, समानता और मानवता का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि “व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से महान बनता है।”मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।भगवानपुर को मिली करोड़ों की विकास परियोजनाएंमुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये से बाढ़ सुरक्षा कार्य, 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा 8 करोड़ रुपये से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़कों, संपर्क मार्गों, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट जैसी अनेक विकास योजनाएं भी पूरी की गई हैं।मुख्यमंत्री ने लोगों से संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार संत रविदास जी के विचारों और उनकी जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को देशभर में कलश यात्राओं के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शुरू हुई समरसता संकल्प यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग तक संत रविदास के संदेश को पहुंचाने का माध्यम बनेगी।कार्यक्रम में स्वामी निर्मलदास जी ने मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना करते हुए लोगों से धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश भेंट कर राज्यभर में कलश बंधन यात्रा संचालित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में संत, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे। Post Views: 1,353 Post navigation राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कांवड़ मेला कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, बोले— श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता