हरिद्वार, 19 अगस्त 2026, संजीव मेहता।। कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार से जुड़े प्रमुख मार्गों, बस अड्डों और परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने का काम तेज कर दिया गया है। मेला प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी हो सकें।
इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बुधवार को लक्सर, रुड़की और मंगलौर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क सुधार, चौड़ीकरण और बस अड्डों के नवीनीकरण कार्यों की प्रगति के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता भी परखी।
रुड़की-मंगलौर बस अड्डों पर 1.69 करोड़ रुपये से काम
रुड़की और मंगलौर बस स्टैंड के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए कुंभ मेला मद से रुड़की में 1 करोड़ रुपये और मंगलौर में 69.89 लाख रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हैं। अपर मेलाधिकारी ने दोनों कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के साथ स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। निर्माण गुणवत्ता की जांच के लिए मौके पर प्रयुक्त सामग्री के नमूने तृतीय पक्ष जांच के लिए भी लिए गए।
सड़क की खुदाई कर जांची गुणवत्ता
इसके बाद अपर मेलाधिकारी ने पंतजली योगपीठ से सहदेवपुर-दीनारपुर-सुभाषगढ़ होते हुए पुरकाजी-लक्सर-ज्वालापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फेरूपुर तक के मार्ग के डेढ़ लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
मौके पर सड़क की खुदाई कर उसकी परत, मोटाई, चौड़ाई और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांची गई। अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दीनारपुर नाले पर पुल की धीमी रफ्तार पर नाराजगी
मार्ग के किलोमीटर संख्या-7 पर निर्माणाधीन आरसीसी पुल का निरीक्षण करते हुए अपर मेलाधिकारी ने निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुल निर्माण में तेजी लाने और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त होते ही सड़क पर ब्लैकटॉप का काम तत्काल शुरू किया जाए। कुंभ से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंगलौर-लण्ढौरा मार्ग भी होगा मजबूत
अपर मेलाधिकारी ने मंगलौर-लण्ढौरा मोटर मार्ग के इंटरमीडिएट लेन से डबल लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। सड़क की परतों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर खुदाई कर नमूने लिए गए।
अपर मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ-2027 में श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में हरिद्वार से जुड़े प्रमुख मार्गों और बस अड्डों को समय रहते मजबूत करना जरूरी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए परियोजनाओं को समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान मेला अधिष्ठान के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, सहायक अभियंता अतुल शांडिल्य, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल सैनी एवं गणेश दत्त जोशी, ग्रामीण निर्माण विभाग की सहायक अभियंता मेघा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।