टिहरी गढ़वाल,संजीव मेहता।उत्तराखंड के पहाड़ों से निकलकर एक और होनहार खिलाड़ी ने देश के सबसे बड़े क्रिकेट मंच पर अपनी जगह बना ली है। टिहरी गढ़वाल जनपद की ग्रामसभा गडोलिया तोक (रेंगली) निवासी प्रतिभाशाली क्रिकेटर मयंक रावत का चयन आईपीएल की दिग्गज टीम मुंबई इंडियंस में होने से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।

संसाधनों की कमी और कठिन परिस्थितियों के बीच पहाड़ों में पले-बढ़े मयंक रावत ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और जुनून के दम पर यह साबित कर दिया कि अगर सपने बड़े हों तो जगह कोई मायने नहीं रखती। गांव की पिच से लेकर बड़े मैदानों तक का उनका सफर आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।

मयंक के चयन की खबर मिलते ही गांव में जश्न का माहौल है। परिजन, मित्र और क्षेत्रवासी मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। वहीं दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उत्तराखंडवासियों ने भी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस किया है।

मयंक रावत की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे टिहरी गढ़वाल और उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है। उनका चयन यह संदेश देता है कि प्रतिभा किसी शहर या सुविधा की मोहताज नहीं होती, बस जरूरत होती है दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत की।

अब सभी की निगाहें आईपीएल के मैदान पर हैं, जहां पहाड़ों का यह बेटा मुंबई इंडियंस की जर्सी में चमकता नजर आएगा।
उत्तराखंड को अपने इस लाल पर नाज है।