हरिद्वार:sanjiv Mehta राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि डोभाल जैसे राष्ट्रसेवक के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर चोट है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से इस मामले में पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की।
‘राष्ट्रसेवा करने वालों के सम्मान की मर्यादा बनी रहनी चाहिए’
मंगलवार को हरिद्वार स्थित मेयर कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान मदन कौशिक ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। उनकी पहचान किसी राजनीतिक पद से नहीं, बल्कि दशकों की राष्ट्रसेवा से बनी है। ऐसे व्यक्तित्व को राजनीतिक विवाद में घसीटना उचित नहीं है।
कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड ने देश को राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे सपूत दिए हैं। ऐसे व्यक्तित्वों के बारे में टिप्पणी करते समय प्रदेश की भावनाओं और उनके योगदान का ध्यान रखा जाना चाहिए।
राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस से मांगा जवाब
मंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से सवाल किया कि क्या राहुल गांधी की टिप्पणी कांग्रेस की आधिकारिक सोच को दर्शाती है? यदि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इस बयान से सहमत नहीं है, तो उसे खुलकर अपना पक्ष रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए काम करने वाले लोगों के सम्मान की मर्यादा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।
सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक कांग्रेस पर साधा निशाना
मदन कौशिक ने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के लिए कथित तौर पर की गई ‘सड़क का गुंडा’ टिप्पणी का उल्लेख किया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के बाद सैन्य कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से उठाए गए सवालों पर भी निशाना साधा।
कौशिक ने गलवान घाटी की घटना के बाद राहुल गांधी के बयानों को लेकर हुए विवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
‘राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता’
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व को लेकर इस तरह की टिप्पणी क्यों की जा रही है।
कौशिक ने दोहराया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
ये रहे मौजूद: प्रेसवार्ता में मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान, मीडिया के प्रदेश सह प्रभारी विकास तिवारी, सुभाष चंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।