हरिद्वार।संजीव मेहता। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर हरिद्वार में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा। अनुमानित 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बाद घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्रित हो गया, लेकिन नगर निगम हरिद्वार ने पूरी रात अभियान चलाकर स्वच्छता का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
रात 9 बजे शुरू हुआ मिशन, सुबह 4 बजे तक पूरा शहर साफ
पुलिस प्रशासन से अनुमति मिलते ही नगर निगम की टीम ने रात्रि 9 बजे से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया। विष्णु घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट और मालवीय घाट समेत सभी प्रमुख स्नान स्थलों पर युद्धस्तर पर सफाई कार्य चलाया गया।
नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी रात लगातार मेहनत करते हुए लगभग 90 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। सुबह 4 बजे तक सभी प्रमुख घाटों और आसपास के क्षेत्रों को पूरी तरह साफ कर दिया गया।
रात 2 बजे निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त
स्वच्छता अभियान के दौरान नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार स्वयं रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे और सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
पूरी रात डटी रही स्वच्छता टीम
अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा और सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की पूरी स्वच्छता टीम मुस्तैदी के साथ जुटी रही।
स्वच्छता का बना नया उदाहरण
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या के बावजूद निर्धारित समय में सभी प्रमुख घाटों और मार्गों की सफाई पूरी कर ली गई। यह उपलब्धि नगर निगम की सुनियोजित कार्ययोजना और कर्मचारियों की अथक मेहनत का परिणाम है। सोमवती अमावस्या स्नान के बाद चलाया गया यह विशेष अभियान हरिद्वार में स्वच्छता प्रबंधन का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।