देहरादून, संजीव मेहता। उत्तराखंड सरकार ने राज्य में पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से हिमालयन कार रैली के आयोजन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में रैली के सफल संचालन के लिए अनुभवी संस्था के चयन को स्वीकृति प्रदान की गई।पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के प्रयासों से आयोजित होने जा रही इस प्रतिष्ठित रैली में देश और विदेश से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। सरकार का मानना है कि इससे उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।कैबिनेट निर्णयों की जानकारी देते हुए अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि रैली में 120 से अधिक प्रतिभागियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी, 25 एशिया क्रॉस कंट्री प्रतिभागी, 20 क्लासिक कार रैली प्रतिभागी तथा 50 राष्ट्रीय कार रैली चैंपियनशिप के चालक शामिल होंगे।सरकार का मानना है कि हिमालयन कार रैली के आयोजन से राज्य में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा होटल, परिवहन और अन्य पर्यटन व्यवसायों को भी लाभ पहुंचेगा।उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और दुर्गम पर्वतीय मार्गों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब रैली के आयोजन की तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। Post navigation सीएम धामी की नई पहल लागू, हर परिवार को मिलेगी देवभूमि आईडी, डेटा से छेड़छाड़ पर 10 साल की जेल