हरिद्वार/रुड़की, 28 जून संजीव मेहता।। उत्तराखंड सरकार ने खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को बड़ी सौगात देते हुए रुड़की में एचआरडीए द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स जनता को समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया, उपलब्ध खेल सुविधाओं का अवलोकन किया और खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना युवाओं की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाती है। इसी सोच के तहत उत्तराखंड के प्रत्येक जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के शुरू होने से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक इनडोर गेम्स सुविधाएं, सुसज्जित जिम, बैडमिंटन कोर्ट तथा अन्य आधुनिक खेल संसाधन विकसित किए गए हैं। यह परिसर नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण शिविरों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसपी देहात शेखर सुयाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।