हरिद्वार, 26 नवंबर। संजीव मेहता। हरिद्वार जिले के भगवानपुर में नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे वाहन स्क्रैपिंग सेंटर के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) देहरादून संभाग संदीप सैनी के नेतृत्व में टीम ने सिकंदरपुर भैंसवाल स्थित मैसर्स RAG Engines Pvt. Ltd. के वाहन स्क्रैपिंग सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आने के बाद सेंटर को सील कर दिया गया और सुधार होने तक सभी संचालन संबंधी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई। मशीनें बंद, सुरक्षा इंतजाम नदारद निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पता चला कि सेंटर संचालक मानकों के अनुरूप कार्यरत कर्मचारियों का विवरण तक उपलब्ध नहीं करा सका। सेंटर में अधिकांश आवश्यक मशीनें उपलब्ध नहीं थीं और जो मशीनें मौजूद थीं, वे भी पिछले कई महीनों से बंद बताई गईं। इतना ही नहीं, वाहनों से तेल, ईंधन और अन्य हानिकारक तरल पदार्थ निकालने, उनके सुरक्षित भंडारण एवं निस्तारण की व्यवस्था में भी गंभीर कमियां मिलीं। बैटरी, एसी गैस और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के प्रबंधन की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। वाहन लिफ्ट बंद मिली, जबकि अग्निशमन और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी नदारद थे। परिसर में बिखरा मिला स्क्रैप, रिकॉर्ड भी नहीं मिले निरीक्षण के दौरान परिसर में कबाड़ और टूटे हुए शीशे अव्यवस्थित तरीके से जमीन पर बिखरे मिले। वाहन स्क्रैपिंग, सामग्री के भंडारण और अपशिष्ट निस्तारण से संबंधित जरूरी रिकॉर्ड भी संचालक प्रस्तुत नहीं कर सका। निर्धारित मानकों के अनुरूप तकनीकी एवं प्रशिक्षित कर्मचारी भी मौके पर नहीं मिले। कर्मचारियों और श्रमिकों से पूछे गए सवालों के जवाब भी संतोषजनक नहीं पाए गए। पर्यावरण और जनसुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई इन गंभीर अनियमितताओं को पर्यावरण एवं जनसुरक्षा के लिए संभावित खतरा मानते हुए अधिकारियों ने सेंटर में वाहन स्क्रैपिंग, विखंडन और अन्य सभी संचालन संबंधी कार्य अग्रिम आदेशों तक बंद रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण रिपोर्ट में संचालक से स्पष्टीकरण लेने, दस्तावेजों का सत्यापन कराने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तकनीकी जांच करवाने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है। अन्य स्क्रैपिंग सेंटर भी आएंगे जांच के दायरे में परिवहन विभाग ने एआरटीओ हरिद्वार और रुड़की को एक सप्ताह के भीतर अन्य वाहन स्क्रैपिंग सेंटरों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने वाले सेंटरों को ही संचालन की अनुमति सुनिश्चित कराई जाए। निरीक्षण टीम में शामिल अधिकारी: संदीप सैनी, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), देहरादून संभाग निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रशासन), हरिद्वार कृष्ण पलड़िया, एआरटीओ (प्रवर्तन), रुड़की जितेन्द्र चन्द, एआरटीओ (प्रशासन), रुड़की रिपोर्ट: हरिद्वार। Post Views: 1,008 Post navigation कुंभ-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, हरिद्वार में सड़कों से घाटों तक होगा कायाकल्प