हरिद्वार, 9 नवंबर। संजीव मेहता।उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
समारोह में गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना और प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा की झलक देखी।
राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह में उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। वहीं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की शानदार झलक पेश की।
यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में पहले स्थान पर
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला पहला राज्य बना है। हरिद्वार जनपद में अब तक एक लाख से अधिक यूसीसी पंजीकरण हो चुके हैं और इस मामले में जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
नीति आयोग की रैंकिंग में हरिद्वार की बड़ी उपलब्धि
मंत्री ने बताया कि नीति आयोग की जुलाई 2022 की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में पहला स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई।