कनखल, संजीव मेहता। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में जागरूक लोगों की सतर्कता से चोरी की बड़ी वारदात नाकाम हो गई। ग्राम जियापोता में हार्डवेयर की दुकान की छत तोड़कर चोरी करने दो आरोपी पहुंचे। लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी मौके पर ही दबोच लिया गया। दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी की ग्राम जियापोता में हार्डवेयर की दुकान है। 28 नवंबर की सुबह आसपास के लोगों ने उन्हें सूचना दी। दो संदिग्ध व्यक्ति सब्बल और आरी लेकर दुकान की छत पर मौजूद थे। वे चोरी की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलते ही विराज सैनी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देखकर दोनों संदिग्धों ने भागने के लिए छत से छलांग लगा दी। इस दौरान एक आरोपी घायल हो गया। लोगों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना पर जगजीतपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से एक दोमुंही सब्बल, सरिया काटने की आरी और दो सीढ़ियां बरामद की हैं। पुलिस ने विराज सैनी की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा अपराध संख्या 459/26, धारा 331(4) और 62 बीएनएस के तहत दर्ज हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मवीर पुत्र स्वर्गीय जयपाल के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के कोतवाली रुड़की क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, पुलिस टीम फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। Post Views: 981 Post navigation हरिद्वार में धूमधाम से मना राज्य स्थापना दिवस, सतपाल महाराज ने बताईं विकास की उपलब्धियां