हरिद्वार। संजीव मेहता।उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार-2026” के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के अंतर्गत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवाइयों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों इस्लाम और सद्दाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और एक बलेनो कार बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 29 जून 2026 को पीपल चौक से आगे नहर पटरी रोड पर चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध बलेनो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 480 नशीले कैप्सूल और 1200 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका सिडकुल क्षेत्र में मेडिकल स्टोर है। उन्होंने स्वीकार किया कि सिडकुल में मजदूरों के बीच नशीली दवाइयों की मांग अधिक होने के कारण लालच में आकर वे इन दवाइयों की अवैध बिक्री करने लगे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपी
इस्लाम पुत्र शादी, निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार।
सद्दाम पुत्र रियाज, निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार।
बरामदगी
480 कैप्सूल (PROXIOHM-SPAS)
1200 टैबलेट (Alprazolam 0.5 mg)
एक बलेनो कार
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक विकास रावत
कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह
कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी
कांस्टेबल बलवन्त सिंह
नशे के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है और ऑपरेशन प्रहार के तहत तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।