लक्सर (हरिद्वार): संजीव मेहता।उत्तराखंड के लक्सर में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शुगर मिल गेट के बाहर गोल चौराहे पर तीन युवकों ने कथित तौर पर पहले रामकेश के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी ने देशी तमंचे से गोली चला दी, जिससे रामकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामूली बात पर विवाद, फिर तमंचे से किया फायर प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकेश गोल चौराहे के पास था, तभी तीन युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने उसके साथ मारपीट की। जब रामकेश ने इसका विरोध किया और मारपीट का कारण पूछा, तो आरोपी रितिक ने कमर से देशी तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली लगते ही रामकेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। दिनदहाड़े गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल रामकेश को तत्काल लक्सर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दो नामजद समेत तीन आरोपियों पर मुकदमा घटना की सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल के भाई सुमित कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रितिक, पारस और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जानलेवा हमले से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद शुगर मिल क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का बयान लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। Post Views: 927 Post navigation कटारपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दो युवकों की मौके पर मौत