लक्सर/हरिद्वार, 10 जून। संजीव मेहता।जनपद हरिद्वार में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्सर तहसील के ग्राम रामपुर रायहधारी क्षेत्र में संचालित सभी रिटेल भंडारणों को सीज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अनियमितताएं पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई।
जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन की मौखिक शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित रिटेल भंडारणों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
प्रशासन ने कार्रवाई को और सख्त बनाते हुए संबंधित इकाइयों के ई-खन्ना पोर्टल को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है, ताकि जांच पूरी होने तक किसी प्रकार की गतिविधि संचालित न हो सके।
खनन विभाग के अनुसार जनपद में अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में इसे बड़ा कदम बताया है।