लक्सर। संजीव मेहता।आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में लक्सर के प्रमुख शिव चौक पर सैनी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठ नेताओं, प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, विधानसभा चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करने और महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समाज के वरिष्ठ नेता डॉ. ऋषिपाल सैनी (फतवा) ने कहा कि सैनी समाज की सबसे बड़ी कमजोरी उसका बिखराव रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से एक मंच पर आने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक समाज पूरी तरह एकजुट नहीं होगा, तब तक उसे राजनीतिक और सामाजिक अधिकार नहीं मिल पाएंगे।
उन्होंने कहा कि लक्सर विधानसभा क्षेत्र में सैनी समाज की अच्छी संख्या और प्रभाव है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी से इस सीट पर सैनी समाज के उम्मीदवार को टिकट देने की मांग पूरी मजबूती के साथ उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज अब अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराने के लिए तैयार है।
महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना पर लिया बड़ा फैसला
बैठक में शिव चौक पर महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना को लेकर चल रही चर्चाओं और विवादों पर भी गंभीर मंथन किया गया। सैनी समाज के जिला अध्यक्ष बाबूराम सैनी ने कहा कि समाज किसी भी प्रकार की राजनीति से ऊपर उठकर महाराजा भागीरथ के सम्मान के लिए कार्य करेगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि नगर पालिका प्रशासन अनुमति प्रदान करता है तो महाराजा भागीरथ की प्रतिमा का निर्माण और स्थापना पूरी तरह सैनी समाज के सहयोग और आर्थिक योगदान से की जाएगी। इसके लिए किसी सरकारी या राजनीतिक सहायता की आवश्यकता नहीं होगी।
डॉ. ऋषिपाल सैनी ने कहा कि समाज आर्थिक रूप से सक्षम है और अपने महापुरुषों के सम्मान के लिए हर संभव योगदान देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना समाज की आस्था और सम्मान का विषय है, इसे राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है।
टिकट वितरण के बाद होगी महाबैठक
बैठक में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सुभाष सैनी ने कहा कि वह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और हमेशा पार्टी की नीतियों का समर्थन करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज की एकता और महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव को लेकर अंतिम रणनीति टिकट वितरण के बाद तय की जाएगी। इसके लिए सैनी समाज की एक बड़ी महाबैठक बुलाई जाएगी, जिसमें समाज के सभी वर्गों की राय लेकर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।
राजनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है असर
बैठक में जिस प्रकार बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और एकजुटता का संदेश दिया, उससे यह संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले विधानसभा चुनावों में सैनी समाज लक्सर क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समाज संगठित होकर किसी एक दिशा में निर्णय लेता है तो उसका असर चुनावी परिणामों पर भी दिखाई दे सकता है।
बैठक के अंत में समाज के लोगों ने एकजुट रहकर अपने सामाजिक और राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया तथा महाराजा भागीरथ के सम्मान में प्रतिमा स्थापना के अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।