हरिद्वार। संजीव मेहता।जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित अपराध गोष्ठी में अक्टूबर माह के दौरान जिले में घटित अपराधों और उनके खुलासे की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक कुमार सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने आगामी चुनावों को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अभी से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। धारा 107/116 और 151 के तहत प्रभावी कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर अंकुश लगाया जाए। इसके साथ ही चुनाव से पहले लाइसेंसी हथियार जमा कराने और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन पर विशेष निगरानी रखने को कहा। सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्ती एसएसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। शराब और अन्य नशे का सेवन कर हुड़दंग मचाने वाले पिल्ला गैंग के सदस्यों को भी कानून का पाठ पढ़ाने और उनकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। हत्या के अनसुलझे मामलों के जल्द खुलासे पर जोर अपराध समीक्षा के दौरान हत्या सहित कुछ गंभीर मामलों का खुलासा नहीं होने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने एसपी सिटी और एसपी देहात को संबंधित जांच टीमों की निगरानी करते हुए इन मामलों का जल्द खुलासा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नशा तस्करों की संपत्ति अटैच करने की प्रक्रिया तेज करें एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के साथ ही तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को अटैच करने की कानूनी प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने वांछित और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान की प्रगति पर संतोष जताते हुए पुलिस टीमों से और अधिक सक्रियता की अपेक्षा की। लंबित विवेचनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं बैठक में लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने विवेचकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी करने और सभी क्षेत्राधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। सीएम पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का प्रत्येक माह अंतिम सप्ताह में समीक्षा कर समय से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला और बच्चों से संबंधित अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी देते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में दिवसाधिकारी और रात्रि अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें। आवश्यकता पड़ने पर थाना प्रभारी स्वयं मामले का संज्ञान लेकर निस्तारण सुनिश्चित करें। इसके अलावा सत्यापन अभियान में तेजी लाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। Post Views: 1,001 Post navigation संविधान के आदर्शों को जीवन और कार्यशैली में अपनाना हम सभी का दायित्व: डॉ. ललित नारायण मिश्र