हरिद्वार, संजीव मेहता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार नगर निगम के सराय क्षेत्र में भूमि खरीद घोटाले में दोषी पाए गए अधिकारियों के खिलाफ शासन ने कड़ी कार्रवाई की है।

शहरी विकास के अपर सचिव गौरव के आदेश पर प्रभारी सहायक नगर आयुक्त रविंद्र कुमार दयाल सहित चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण की जांच सचिव रणवीर सिंह चौहान को सौंपी है। प्रारंभिक जांच में नगर निगम के प्रभारी अधिशासी अभियंता आनंद सिंह मिश्रवाण, कर एवं राजस्व अधीक्षक लक्ष्मीकांत भट्ट और अवर अभियंता दिनेश चंद्र कांडपाल को दोषी पाया गया, जिसके आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।

वरिष्ठ वित्त अधिकारी निकिता बिष्ट को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिन में जवाब मांगा गया है।

इसके साथ ही संपत्ति लिपिक वेदवाल का सेवा विस्तार समाप्त कर दिया गया है। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था, लेकिन अब उनके खिलाफ सिविल सर्विसेज रेगुलेशन के अनुच्छेद 351(ए) के तहत अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रभावित अधिकारियों का स्थानांतरण भी किया गया है:

रविंद्र कुमार दयाल को नगर निगम अल्मोड़ा

दिनेश चंद्र कांडपाल को नगर पालिका परिषद लोहाघाट

आनंद सिंह मिश्रवाण को नगर निगम कोटद्वार

लक्ष्मीकांत भट्ट को नगर निगम पिथौरागढ़ भेजा गया है।