हरिद्वार, संजीव मेहता।: उत्तराखंड में पिछले कुछ समय से गाहे-बगाहे मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाएं चल रही थीं. कभी विपक्ष ये दावा करता था, तो कभी पार्टी में ही सीएम के विरोधी ऐसी हवा बनाते थे. ऐसे में आम जनता में भी ये खबरें चर्चा का विषय बनती थीं. हालांकि समय-समय पर सीएम धामी ने खुद ऐसी अफवाहों का खंडन किया था. आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे ने साफ कर दिया कि सीएम बदलने की चर्चाएं बे सिर पैर की थीं. अमित शाह ने की सीएम धामी की तारीफ: हरिद्वार में ‘धामी सरकार के 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जो बॉन्डिंग दिखी, उसने विपक्ष और धामी के विरोधियों के माथे पर जरूर बल ला दिए होंगे. अमित शाह ने जमकर सीएम धामी की तारीफ की. सीएम धामी के किए कार्यों को सराहा. धामी सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई: अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में धामी के नेतृत्व में दिन दूनी रात चौगुनी उन्नति हो रही है. पहले बिना रिश्वत नौकरी नहीं मिलती थी. अब बिना रिश्वत नौकरी मिल रही न पर्ची (सिफारिश) न खर्ची (रिश्वत) के नौकरी मिल रही है. केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में भ्रष्टाचार के ढेरों आरोप लगे. दलित छात्रवृत्ति घोटाला हुआ. कमीशन एजेंटों से भरा सचिवालय होता था. धामी सरकार ने इन सब पर लगाम लगाई. शाह और धामी की दिखी शानदार बॉन्डिंग: अमित शाह के साथ सीएम धामी की जो बॉन्डिंग दिखी, वो उनके विरोधियों और विपक्ष को ये संदेश देने में सफल रही होंगी कि कोई जल्दी सीएम बदलने की चर्चा भी नहीं करेगा. बीजेपी हाईकमान में पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष के साथ गृह मंत्री अमित शाह भी प्रमुख स्थान रखते हैं. ऐसे में अमित शाह द्वारा की गई सीएम धामी की तारीफ और सैकड़ों करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास 2027 के विधानसभा चुनाव तक मुख्यमंत्री के रूप में धामी की कुर्सी को मजबूती देगा, ऐसा राजनीतिक जानकारों का मानना है. सीएम धामी द्वारा अब तक किए गए कार्य: सीएम धामी के दूसरे कार्यकाल को 23 मार्च को चार साल पूरे हो रहे हैं. इस दौरान उन्होंने अनेक कार्य किए हैं. इनमें नकल विरोधी कानून, यूसीसी, धर्मांतरण कानून, मदरसा बोर्ड भंग करना, ऑपरेशन कालनेमि, ड्रग्स फ्री उत्तराखंड, भूमि कानून, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 16 पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार, महिलाओं के लिए लखपति दीदी और देहरादून में एआई आधारित ट्रैफिक सिस्टम को मंजूरी शामिल हैं. Post Views: 784 Post navigation अमित शाह के स्वागत के लिए सज-संवर रहा है हरिद्वार शहर मुख्यमंत्री धामी ने अंतिम तैयारियों का किया निरीक्षण