लक्सर: संजीव मेहता।हरिद्वार जिले के लक्सर ब्लॉक में शिक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लेते हुए एक साथ 9 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं. इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. हटाए गए शिक्षकों में 5 उर्दू शिक्षक और 4 अन्य विषयों के शिक्षक शामिल हैं.
मामला साल 2018-19 शिक्षक भर्ती से जुड़ा है. भर्ती प्रक्रिया में बीएड के साथ स्नातक में सामान्य वर्ग के लिए 50% और आरक्षित वर्ग के लिए 45% अंक अनिवार्य थे. आरोप है कि कम अंक होने के बावजूद कई अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. शिक्षा विभाग ने पहले उनके आवेदन निरस्त कर दिए थे, लेकिन बाद में कोर्ट के अंतरिम आदेश पर उन्हें नियुक्ति मिल गई थी.
यह मामला लंबे समय से नैनीताल हाईकोर्ट में लंबित था. मार्च में हाईकोर्ट ने अंतिम फैसला सुनाते हुए ऐसे अभ्यर्थियों को अयोग्य माना. कोर्ट के आदेश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने प्रदेशभर में 16 शिक्षकों की सेवा समाप्ति के आदेश जारी किए, जिनमें लक्सर ब्लॉक के 9 शिक्षक भी शामिल हैं.
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है।