हरिद्वार देहरादून। संजीव मेहता।उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में 9.75 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में मई माह की पेंशन की 176.59 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की।
सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं के तहत पेंशन जारी करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और देखभाल की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव, देरी और बाधा के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिव्यांग कर्मचारियों के वाहन भत्ते में वृद्धि की गई है तथा पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य की जीएसडीपी में पिछले वर्ष 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो विकास की मजबूत गति को दर्शाता है।
यह पहल न केवल लाखों जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगी।