देहरादून |हर्षिता ।29 जून 2026,हर्षिता। उत्तराखंड की राजनीति में एक नया इतिहास बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 जुलाई 2026 को बतौर मुख्यमंत्री अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा कर लेंगे। इसके साथ ही वह उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी (एनडी तिवारी) के बाद पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले दूसरे मुख्यमंत्री बन जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी के पांच साल पूरे होने के अवसर पर सरकार और भारतीय जनता पार्टी दोनों बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में जुटे हैं। भाजपा संगठन इसे ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में जनता के बीच ले जाने की रणनीति बना रहा है।
एनडी तिवारी के रिकॉर्ड के बेहद करीब धामी
उत्तराखंड राज्य बनने के बाद वर्ष 2002 में पहली निर्वाचित सरकार बनी थी, जिसमें एनडी तिवारी ने 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 तक लगातार 1831 दिनों तक मुख्यमंत्री रहते हुए अपना पूरा कार्यकाल पूरा किया था। यह अब तक राज्य का सबसे लंबा मुख्यमंत्री कार्यकाल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 29 जून 2026 तक उनका कार्यकाल 1821 दिन का हो चुका है। यानी एनडी तिवारी के सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ने में अब महज 10 दिन का समय शेष है।
2021 में मिली थी राज्य की कमान
विधानसभा चुनाव 2022 से पहले भाजपा नेतृत्व ने जुलाई 2021 में पुष्कर सिंह धामी को राज्य की कमान सौंपी थी। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दोबारा सरकार बनाई और धामी लगातार मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पांच साल का कार्यकाल पूरा होना मुख्यमंत्री धामी के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि होगी। वहीं भाजपा इसे सरकार की स्थिरता, विकास कार्यों और सुशासन का प्रतीक बताते हुए पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है।