नई दिल्ली, संजीव मेहता।सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। पहली जुलाई से कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते/महंगाई राहत में 4 फीसदी की वृद्धि होने की प्रबल संभावना बन गई है। श्रम ब्यूरो द्वारा जून, 2024 के लिए जारी अखिल भारतीय सीपीआई-आईडब्ल्यू 1.5 अंक बढ़ कर 141.5 (एक सौ इकतालीस दशमलव एक) पर संकलित हुआ है। मई में सामान्य सूचकांक 139.9 पर संकलित हुआ था। फेस्टिवल सीजन में सरकारी कर्मियों के लिए सितंबर के दौरान डीए/डीआर मिलने की घोषणा हो सकती है। डीए/डीआर की मौजूदा दरों में पहली जुलाई से बढ़ोतरी होगी। 

बता दें कि केंद्र सरकार में एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनरों को पहली जनवरी से देय महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की वृद्धि की सौगात मिली थी। इस वृद्धि के साथ डीए की मौजूदा दर 46 से 50 प्रतिशत पर पहुंच गई थी। अब पहली जुलाई से एक बार फिर सरकारी कर्मचारियों को डीए में बढ़ोतरी की सौगात मिल सकती है। फरवरी, मार्च व अप्रैल माह के दौरान औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक की सर्वे रिपोर्ट सकारात्मक है। फरवरी में यह सूचकांक 0.3 अंक बढ़कर 139.2 अंकों के स्तर पर संकलित हुआ था। मार्च में इस सूचकांक में 0.3 अंक की कमी देखी गई, लेकिन अप्रैल 2024 का अखिल भारतीय मूल्य सूचकांक (औद्योगिक श्रमिक) 0.5 अंक बढ़कर 139.4 अंकों के स्तर पर संकलित हुआ है। ऐसे में सभव है कि डीए दर में कम से कम चार फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। 

उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का संकलन
केंद्र सरकार के सूत्रों का कहना है, पहली जुलाई से डीए की मौजूदा दर 50 से 54 प्रतिशत पर पहुंच सकती है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय से संबद्ध कार्यालय, श्रम ब्यूरो द्वारा हर महीने औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का संकलन किया जाता है। देश के 88 महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों के 317 बाजारों से एकत्रित खुदरा मूल्यों के आधार पर उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का संकलन होता है। इस सूचकांक को आगामी महीने के अंतिम कार्यदिवस पर जारी किया जाता है। फरवरी 2024 का अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (औद्योगिक श्रमिक) 0.3 अंक बढ़कर 139.2 अंकों के स्तर पर संकलित हुआ था। मार्च 2024 का अखिल भारतीय मूल्य सूचकांक (औद्योगिक श्रमिक) 0.3 अंक घटकर 138.9 अंकों पर संकलित हुआ। अप्रैल 2024 का अखिल भारतीय मूल्य सूचकांक (औद्योगिक श्रमिक) 0.5 अंक बढ़कर 139.4 अंकों के स्तर पर संकलित हुआ था। फरवरी 2024 के लिए मुद्रास्फीति दर, फरवरी 2023 के 6.16 प्रतिशत की तुलना में 4.90 प्रतिशत रही है। मार्च 2024 के लिए मुद्रास्फीति दर, मार्च 2023 के 5.79 प्रतिशत की तुलना में 4.20 प्रतिशत रही है। अप्रैल 2024 के लिए मुद्रास्फीति दर, अप्रैल 2023 के 5.09 प्रतिशत की तुलना में 3.87 प्रतिशत रही है।