मुख्य संवाददाता/सुषमा रानी11 जून : भाजपा जिला कार्यालय, शाहदरा, दिल्ली पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत भाजपा शाहदरा जिला एवं मयूर विहार जिला के संयुक्त तत्वावधान में 1 विज्ञान लोक शाहदरा जिला भाजपा कार्यालय में एक व्यापक संवाद एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 गौरवशाली वर्षों की विकास यात्रा तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्रारंभिक 100 दिनों की प्रशासनिक दिशा और उपलब्धियों पर प्रकाश डालना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद हर्ष मल्होत्रा ने अपने व्यापक वक्तव्य में केंद्र सरकार की 11 वर्षों की यात्रा को “संकल्प से सिद्धि” तक की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश ने जितनी तेज़ी से परिवर्तन की ओर कदम बढ़ाए हैं, वह आज़ादी के बाद के किसी भी कालखंड में अभूतपूर्व है। उन्होंने विशेष रूप से गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि सुधार, डिजिटल क्रांति, अधोसंरचना विकास और भारत की वैश्विक छवि में आए बदलाव को रेखांकित किया। मल्होत्रा ने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, सड़क और रेल नेटवर्क विस्तार, PM आवास योजना जैसी दर्जनों योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि यह सिर्फ घोषणाएं नहीं रहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर करोड़ों भारतीयों के जीवन में ठोस बदलाव लेकर आई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी का जिस तरह आत्मनिर्भर दृष्टिकोण से सामना किया, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का उदाहरण है। अपने भाषण में मल्होत्रा ने हाल ही में भारतीय सेना द्वारा संचालित “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए उसे राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक योजना और सरकार की इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल एक सैन्य उपलब्धि है, बल्कि देशवासियों के मन में गर्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सशक्त करता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत अब केवल एक राष्ट्र नहीं बल्कि एक प्रेरणा बन चुका है, जो वैश्विक मंचों पर नेतृत्व की भूमिका निभा रहा है, विशेषकर सफल G-20 अध्यक्षता इसका उदाहरण है। हर्ष मल्होत्रा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पिछले 11 वर्षों में वह कर दिखाया है जो वर्षों से सिर्फ फाइलों में अटका हुआ था। राम मंदिर निर्माण से लेकर आर्टिकल 370 हटाने तक, जो कभी असंभव माना गया, उसे संभव बनाया गया है। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा में भाजपा विधायक एवं मुख्य सचेतक अभय वर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के पहले 100 दिनों की दिशा को जनता के प्रति समर्पित और कार्यदक्ष बताया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रणाली को जिस पारदर्शिता के साथ लागू किया गया है, वह स्वागत योग्य है। साथ ही उन्होंने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और जल बोर्ड जैसे विभागों के साथ समन्वय को बेहतर करने की दिशा में हो रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता की प्राथमिकताओं को समझती है और ज़मीनी समाधान देने में विश्वास रखती है। संवाद कार्यक्रम में भाजपा दिल्ली प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। डॉ. अनिल गुप्ता ( प्रदेश प्रवक्ता व जिला प्रभारी) योगिता सिंह ( मयूर विहार जिला प्रभारी) दीपक गाबा (अध्यक्ष, भाजपा शाहदरा जिला) और विजेन्द्र धामा (अध्यक्ष, भाजपा मयूर विहार जिला), सारिका जैन प्रदेश मंत्री , नरेश वशिष्ठ जिला सह प्रभारी ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम के उद्देश्य, विषय और भावी दिशा की जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि दोनों जिलों में भाजपा कार्यकर्ता निरंतर जनता के बीच सक्रिय हैं और सरकार की योजनाओं को अंतिम लाभार्थी तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। इस संवाद में कई विधायकों ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। इनमें ओ. पी. शर्मा (विश्वास नगर), अनिल गोयल (कृष्णा नगर), संजय गोयल (शाहदरा), रविंद्र सिंह नेगी ( पटपरगंज) , रवीकान्त उज्जैनवाल ( त्रिलोक पूरी ) शामिल रहे। सभी विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र में जनता के मुद्दों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर अनुभव साझा किए और पार्टी के प्रति जनविश्वास को दोहराया। कार्यक्रम के अंत में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि सिर्फ चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दीर्घकालिक दृष्टि से कार्य करता है। केंद्र और दिल्ली सरकार, दोनों की कार्यशैली में पारदर्शिता, सेवा भावना और नवाचार की स्पष्ट झलक मिलती है। जनता का विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी प्रेरणा है, और यह विश्वास दिन-ब-दिन सशक्त होता जा रहा है।इस अवसर पर अतुल सिंह – मीडिया प्रभारी मयूर विहार मौजूद थे। Post Views: 96 Post navigation एक तरफ भाजपा घर तोड़कर दिल्ली से यूपी-बिहार वालों को भगा रही है और दूसरी तरफ बिहार में वोट मांग रही- आतिशी “आज अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान की दुखद दुर्घटना से हम बहुत स्तब्ध और दुखी हैं।