देहरादून: संजीव मेहता।विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होते ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला. पहले ही दिन यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के लिए कुल 1 लाख 23 हजार 788 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया.

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होते ही पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया. पहले दिन कुल 1 लाख 23 हजार 788 श्रद्धालुओं ने चारों धामों के लिए पंजीकरण कराकर यात्रा के प्रति अपनी आस्था और उत्साह का परिचय दिया है.

राज्य सरकार और पर्यटन विभाग की ओर से इस साल चारधाम यात्रा को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से शुरू की गई है. ताकि, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सके.

पहले ही दिन 1,23,788 पंजीकरण: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के पहले ही दिन जो आंकड़े सामने आए हैं, वो ये संकेत दे रहे हैं कि इस बार भी चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने वाली है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार, यमुनोत्री धाम के लिए पहले दिन 22,280 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है. वहीं, गंगोत्री धाम के लिए 22,702 श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया.

सबसे ज्यादा पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए देखने को मिला है. पहले ही दिन 42,311 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया. केदारनाथ धाम के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के कारण हर साल यहां सबसे ज्यादा संख्या में तीर्थयात्री पहुंचते हैं और इस बार भी शुरुआती आंकड़े इसी रुझान की ओर संकेत कर रहे हैं.

वहीं, बदरीनाथ धाम के लिए भी श्रद्धालुओं में अच्छा उत्साह देखने को मिला. पहले दिन 36,495 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पंजीकरण कराया है. इस तरह चारों धामों के लिए कुल मिलाकर 1,23,788 पंजीकरण पहले ही दिन दर्ज किए गए हैं. जो इसकी तस्दीक कर रहा है कि इस बार यात्रियों में चारधाम यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह है.

चारधाम यात्रा के लिए यहां से करा सकते हैं पंजीकरण-

वेब पोर्टल- registrationandtouristcare.uk.gov.in