उत्तराखंड: संजीव मेहता ।।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को यमकेश्वर क्षेत्र का संयुक्त दौरा कर विकास योजनाओं की सौगात दी। दोनों नेताओं ने विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर के प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जहां दोनों मुख्यमंत्रियों ने प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की।
इसके बाद दोनों मुख्यमंत्री महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी पहुंचे, जहां छात्राओं ने पारंपरिक अंदाज़ में स्वागत किया। यहां कॉलेज की नई AI आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन किया गया।
सीएम योगी ने AI बॉट से परीक्षा और रिजल्ट को लेकर सवाल किए, जबकि सीएम धामी ने छात्र संख्या और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों की जानकारी ली।
नए भवन और ओपन जिम का उद्घाटन
दोनों मुख्यमंत्रियों ने कॉलेज के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन किया। साथ ही “विकसित भारत-एक संकल्प” पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए कॉलेज परिसर में बने ओपन जिम का भी लोकार्पण किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं ने खुद जिम उपकरणों पर व्यायाम कर फिटनेस का संदेश दिया।
पैतृक गांव पंचूर पहुंचे योगी
सीएम योगी अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे, जहां उनका ढोल-दमाऊ के साथ भव्य स्वागत किया गया।
उन्होंने नवनिर्मित श्री विष्णु पंचदेव मंदिर में आयोजित महायज्ञ में हिस्सा लिया और कहा कि जहां पहले सिर्फ श्रद्धा थी, वहां आज भव्य मंदिर बन चुका है।
योगी ने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने और ईश्वर भक्ति से जीवन में ऊर्जा बनाए रखने का संदेश दिया।
15 महीने में तैयार हुआ मंदिर
बताया गया कि मंदिर निर्माण कार्य 1 मार्च 2025 को शुरू हुआ था और अप्रैल 2026 में पूरा हुआ। शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।