भगवानपुर/हरिद्वार: संजीव मेहता।सोशल मीडिया पर कुर्बानी का वीडियो पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होते ही इलाके में लगातार प्रतिक्रियाएं आने लगीं और माहौल खराब होने की आशंका पैदा हो गई। मामले का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर आरोपी युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।
SSP के निर्देश पर तुरंत एक्शन
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान पुलिस को एक वीडियो मिला, जिसमें जानवर की कुर्बानी दिखाई गई थी। वीडियो तेजी से वायरल होने लगा और लोगों की प्रतिक्रियाएं बढ़ने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SSP हरिद्वार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
CO भगवानपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
एक घंटे में युवक हिरासत में
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान कर उसे गांव सिकंदरपुर से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शोएब पुत्र बामन निवासी सिकंदरपुर बताया, जो पुताई का काम करता है।
10 साल के भाई ने अपलोड किया वीडियो
पूछताछ में युवक ने बताया कि ईद के दिन घर में पालतू भैंसे की कुर्बानी हुई थी। उसी दौरान का वीडियो उसके 10 वर्षीय छोटे भाई ने उसकी इंस्टाग्राम आईडी से सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था।
घर से मिले भैंसे के खुर
पुलिस ने मौके पर जांच की तो घर से भैंसे के खुर भी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तुरंत वीडियो हटवाया और युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
हरिद्वार पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर ऐसा कोई भी कंटेंट पोस्ट न करें, जिससे कानून व्यवस्था या सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो।