खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। वॉयस ऑफ इंडिया।उत्तराखंड के खटीमा में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया जब निकाह से ठीक पहले मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दुल्हन के पिता को हार्ट अटैक आया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने बरातियों को घेर लिया, जिससे मैरिज हॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार इस्लामनगर निवासी सादिक हुसैन की पुत्री निकहत का निकाह उत्तर प्रदेश के फरीदपुर निवासी मोहम्मद आरिफ के साथ तय हुआ था। रविवार शाम बारात धूमधाम से खटीमा पहुंची। स्वागत और भोजन के बाद निकाह की रस्में शुरू होने वाली थीं, तभी मेहर की राशि को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

बताया जा रहा है कि दुल्हन पक्ष पांच लाख रुपये मेहर तय करने पर अड़ा था, जबकि दूल्हा पक्ष 21 हजार रुपये देने की बात कह रहा था। इसी बात को लेकर बहस बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद के बीच दुल्हन के पिता 65 वर्षीय सादिक हुसैन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना से आक्रोशित दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे समेत कई बरातियों की पिटाई कर दी। हालात ऐसे बन गए कि कुछ बरातियों को अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल की छत से कूदकर भागना पड़ा।

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने बरातियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा दोनों पक्षों के बीच वार्ता शुरू कराई। देर रात तक पुलिस की मौजूदगी में समझौते और आगे की कार्रवाई को लेकर बातचीत जारी रही।

यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ओर जहां शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं, वहीं मेहर विवाद ने एक परिवार से उसका मुखिया भी छीन लिया।