हरिद्वार, 27 जुलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित एक डेयरी पर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर, मिल्क पाउडर के खाली पैकेट और अन्य सामग्री बरामद की।
जांच के दौरान डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर के निर्माण में दूध पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके से मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद किए गए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और निर्माण में इस्तेमाल किए गए दूध के दो नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। वहीं, नमूना लेने के बाद बचा हुआ लगभग 49 किलोग्राम पनीर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
रिटेल लाइसेंस पर चल रही थी निर्माण इकाई
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि डेयरी संचालक इमादत अली रिटेल कारोबार के लिए जारी खाद्य लाइसेंस पर ही पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहे थे। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत इमादत अली और उनके भाई सराफत अली को नोटिस जारी किया गया।
यह कार्रवाई श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा, खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन सहित संयुक्त टीम ने की।