हरिद्वार, 18 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चाणक्य शाखा, हरिद्वार क्षेत्र की ओर से विजयादशमी एवं संघ स्थापना दिवस के अवसर पर शस्त्र पूजन और पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में सहभागिता की। आर्यनगर कॉलोनी, नंदपुरी कॉलोनी और मयूर विहार कॉलोनी क्षेत्र से निकले संचलन के दौरान स्वयंसेवकों की अनुशासित कदमताल देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और देशभक्ति गीतों के माध्यम से उनका स्वागत किया।
विजयादशमी के महत्व पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं पूर्व जिला संघचालक रोहिताश्व कुँवर चौहान ने विजयादशमी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने प्रभु श्रीराम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आदर्श सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देते हैं। विजयादशमी का पर्व व्यक्ति को अपनी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय प्राप्त करने और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश देता है।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना, उसकी कार्यपद्धति और सामाजिक गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला। चौहान ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में समाज के प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
राष्ट्रहित और सेवा भावना पर जोर
अपने संबोधन में रोहिताश्व कुँवर चौहान ने संघ के मूल भाव ‘इदं राष्ट्राय, इदं न मम’ का उल्लेख करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने स्वयंसेवकों से जरूरतमंदों की सहायता करने, सामाजिक एकता को बढ़ावा देने और अपने आचरण से सेवा एवं समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर संघचालक एवं अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने अतिथियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देने की बात कही।

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षक की जिम्मेदारी अमरेश कुमार ने निभाई। शाखा कार्यवाह राजेन्द्र रूहेला ने मंच का परिचय प्रस्तुत किया। डॉ. अश्वनी ने एकल गीत गाया, जबकि प्रिय पराक्ष ने अमृत वचन का वाचन किया। आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों में उत्साह दिखाई दिया और पूरे कार्यक्रम में अनुशासन एवं संगठनात्मक एकता पर जोर रहा।
बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर बस्ती प्रमुख ब्रह्मपाल, सह बस्ती प्रमुख वेदपाल, व्यवस्था प्रमुख देवी प्रसाद, पार्षद पति सतेन्द्र चौधरी, नगर संपर्क प्रमुख सुशील सैनी, पार्षद आकाश चौहान, पार्षद अनुज सिंह, उपनगर शारीरिक प्रमुख उमेश मिश्रा और नगर कार्यवाह डॉ. अनुराग सहित अनेक स्वयंसेवक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इसके अलावा धनवीर, डॉ. सुधीर रूहेला, सतीश गोला, सतीश चौहान, सतीश गुप्ता, सतीश त्यागी, अभिषेक त्यागी, प्रमोद चौहान, प्रमोद त्यागी, ब्रजकिशोर, सुभाष, होशियार सिंह, अशोक गुप्ता, अभिनव, मानस गोयल, डॉ. मोहित, डॉ. आलोक, सत्यप्रकाश, ओमप्रकाश, विनोद शर्मा, कार्तिक, अतुल चौहान, विशाल राठौर, दीपक राजपूत और अरविंद सैनी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे