हरिद्वार। संजीव मेहता।।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में जनपद प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि भारत आज विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है और उत्तराखंड भी विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है।सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, जबकि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 60 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। मुद्रा योजना, जल जीवन मिशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है।उन्होंने कहा कि आज भारत डिजिटल लेन-देन, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में विश्व के अग्रणी देशों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। दुनिया के कुल डिजिटल लेन-देन का 56 प्रतिशत भारत में होना देश की बढ़ती तकनीकी क्षमता और आर्थिक मजबूती का प्रमाण है।उत्तराखंड के विकास पर प्रकाश डालते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, अमृत भारत स्टेशन योजना, हवाई अड्डों के विस्तार तथा रोपवे परियोजनाओं से प्रदेश में पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिली है।उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं, जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय योजनाएं तथा एम्स ऋषिकेश की हेली एम्बुलेंस सेवा उत्तराखंड के विकास को नई दिशा दे रही हैं।हरिद्वार जनपद की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है और यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।महाराज ने बताया कि नीति आयोग द्वारा हरिद्वार को आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में शामिल किया गया है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 58 शिविरों में लगभग 1950 शिकायतों का समाधान किया गया तथा हजारों लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।कुम्भ-2027 की तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि घाटों, सड़कों, पुलों और संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा भी आधारभूत संरचना और खेल सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।प्रेस वार्ता के बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बहादराबाद विकासखंड के सहदेवपुर गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अनार, लीची, अमरूद और चीकू के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड का संदेश दिया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, मनोज गौतम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पत्रकार और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। Post Views: 2,587 Post navigation रूठे अरविंद पांडे को मनाने गदरपुर पहुंचे सीएम धामी! 45 मिनट की बंद कमरे में हुई मुलाकात से बदले सियासी सुर