देहरादूनसंजीव मेहता।: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी संगठन और सरकार को लेकर नाराज चल रहे नेताओं को साधने की कवायद तेज हो गई है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 13 जून को गदरपुर पहुंचे. इस दौरान सीएम धामी ने भाजपा विधायक अरविंद पांडे के आवास पर उनसे करीब 45 मिनट तक बंद कमरे में मुलाकात की. लंबे समय से अपनी ही सरकार पर सवाल उठाते रहे अरविंद पांडे के तेवर इस मुलाकात के बाद कुछ नरम पड़ते दिखाई दिए.

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक अरविंद पांडे के बीच करीब 45 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई. इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ समय से अरविंद पांडे लगातार अपनी ही सरकार और संगठन के खिलाफ मुखर रहे हैं.

बीते दिनों जब देहरादून में पीएम मोदी का कार्यक्रम हुआ था, तब भी विधायक अरविेंद पांडेय पार्टी विधायकों के साथ अगली लाइन में न बैठकर, पीछे बैठे थे. इसी बीच अरविंद पांडे का प्रधानमंत्री मोदी के नाम एक पत्र भी वायरल हुई थी. इस पत्र ने प्रदेश का सिसायी पारा चढ़ा दिया था. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार को घेरने का प्रयास किया था. हालांकि बाद में खुद अरविंद पांडेय ने उस पत्र को फर्जी बताया था. साथ ही कहा था कि कांग्रेस उनकी और बीजेपी की छवि करने की साजिश रच रही थी.


इसके बाद भाजपा संगठन हरकत में आया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अरविंद पांडे से संपर्क साधना शुरू किया. बीते दिनों भाजपा सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी अरविंद पांडे के आवास पहुंचे थे. इसके बाद अब खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गदरपुर पहुंचना राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है. हालांकि मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से बातचीत करने से परहेज किया और इस मुलाकात को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की.

वहीं दूसरी ओर मुलाकात के बाद विधायक अरविंद पांडे के सुर बदले-बदले नजर आए. उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे को पूरी तरह निजी कार्यक्रम बताया और कहा कि मुख्यमंत्री उनके घर जन्मे जुड़वा पौत्र और पौत्री को आशीर्वाद देने पहुंचे थे. अरविंद पांडे ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हम सभी भाजपा और संघ संगठन के कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कहा कि हम सब संगठन की संपत्ति हैं और प्रदेश व जनता के हित में मिलकर कार्य कर रहे हैं.