हरिद्वार। संजीव मेहता।सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने 13, 14 और 15 जून के लिए विशेष यातायात प्लान जारी किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा, जबकि भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के अनुसार 13 जून सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक तथा 14 जून सुबह 6 बजे से सोमवती अमावस्या स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न राज्यों और जनपदों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को सामान्य परिस्थितियों में गुरुकुल कांगड़ी होते हुए हरिद्वार भेजा जाएगा, जबकि अत्यधिक दबाव होने पर नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा। देहरादून, ऋषिकेश, नजीबाबाद और चारधाम क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में चीला मार्ग केवल एग्जिट रूट के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग तथा देहरादून-ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों के लिए मोहंड मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
हरिद्वार पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य लें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वास्तविक यातायात दबाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार डायवर्जन एवं प्रतिबंध व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं।