हरिद्वार।संजीव मेहता।जनपद के सराय गांव में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक घर की पानी की टंकी में एक-दो नहीं बल्कि 27 सांपों के बच्चे फनफनाते हुए दिखाई दिए। टंकी में पानी भरने के दौरान सांपों की हलचल नजर आते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
परिजनों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ तालिब और भोला मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने टंकी से कुल 27 सांपों के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
चेकर्ड कीलबैक प्रजाति के निकले सभी सांप
प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि रेस्क्यू किए गए सभी सांप चेकर्ड कीलबैक (Water Snake) प्रजाति के हैं। यह प्रजाति सामान्यतः तालाब, नहर, जलाशय और अन्य जल स्रोतों के आसपास पाई जाती है तथा विषैली नहीं होती।
वन विभाग के अनुसार सांपों के ये बच्चे करीब एक से डेढ़ सप्ताह के हैं। संभावना है कि किसी मादा सांप ने सुरक्षित स्थान समझकर टंकी के आसपास अंडे दिए होंगे, जिनसे हाल ही में ये बच्चे निकले हैं।
प्राकृतिक आवास में छोड़े गए सांप
रेस्क्यू के बाद सभी सांपों के बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सांप दिखाई दें तो घबराने के बजाय तुरंत विशेषज्ञों या वन विभाग को सूचना दें।
घर की पानी की टंकी में एक साथ 27 सांपों के बच्चे मिलने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।