मुख्य संवाददाता/ सुषमा रानी
*नई दिल्ली, 10 जून दिल्ली के नेहरू विहार में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन एसैप ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली के श्याम लाल कॉलेज में सीएम रेखा गुप्ता आने वाली थीं, उनके आगमन से पहले एसैप से जुड़े छात्रों ने कॉलेज के बाहर जमकर नारेबाजी की। एसैप ने सीएम से मांग की कि पीड़िता के परिवार को आर्थिक मदद दी जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनको कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

विरोध प्रदर्शन के दौरान एसैप ने एक महिला मुख्यमंत्री होने के नाते रेखा गुप्ता को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाई। एसैप ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री एक महिला हैं और वह एक मां भी हैं। उनको एक बेटी की सुरक्षा की चिंता होनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं दिख रहा है। एसैप ने कहा कि दिल्ली की महिलाओं को लगता था कि अब वो सुरक्षित रहेंगी, क्योंकि उनकी मुख्यमंत्री भी एक महिला हैं, लेकिन महिलाओं का यह भ्रम तीन महीने में ही टूट गया। एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित माहौल में सांस नहीं ले सकती हैं।

एसैप ने कहा कि अब तो दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार है। केंद्र, राज्य और एमसीडी में भाजपा की सरकार होने के अलगाव एलजी भी भाजपा के ही हैं। पुलिस-प्रशासन सबकुछ भाजपा के हाथ में है। इसके बाद भी अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है। नेहरू विहार में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंगदी दिल को झकझोर देने वाली है। इस घटना ने दिल्ली की जनता को बता दिया कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा की चार इंजन की सरकार दिल्ली को सुरक्षित माहौल देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। हमारी मांग है कि इस घटना के पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिया जाए और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।