हरिद्वार, 19 फरवरी 2026, संजीव मेहता। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नवोदय नगर में आज शिक्षा के क्षेत्र में एक नई रोशनी का संचार हुआ। सीएसआर योजना के अंतर्गत किरबी संस्थान द्वारा विद्यालय को सौर ऊर्जा से संचालित एलईडी लाइट्स, आकर्षक साइनबोर्ड, कंप्यूटर, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, साउंड सिस्टम, स्टील अलमारी, कुर्सी-मेज एवं किचन रैक जैसी आधुनिक सुविधाएं समर्पित की गईं। इन संसाधनों का विधिवत लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया निवेश कभी व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि वह देश के भविष्य को संवारने का कार्य करता है। उन्होंने किरबी संस्थान के इस सहयोग को सराहनीय बताते हुए विद्यालय परिवार, प्रधानाध्यापक विनय कुमार, समस्त स्टाफ एवं पूर्व सभासद सिंहपाल सिंह सैनी और उनकी टीम की प्रशंसा की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने विद्यालय की निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी का सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बने।
किरबी संस्थान के डीजीएम धीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे ऐसे विद्यालय के साथ जुड़े हैं, जिसने कम समय में दो बार राज्य स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। उन्होंने भविष्य में भी निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा में इस प्रकार का निवेश छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है और उन्हें जीवन में नए आयाम प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर पूर्व सभासद सिंहपाल सिंह सैनी, अतुल वशिष्ठ, श्याम सुंदर गुप्ता, वरुण वशिष्ठ, राम सिंह, सुरेंद्र त्यागी, अभिषेक शर्मा, ओमवीर त्यागी सहित किरबी संस्थान से अमित चौहान, राजेश कुमार, अभिषेक कुमार, नूर मोहम्मद, आयुष कुमार एवं विद्यालय परिवार के विनीत कुमार, कु. नीतू आहूजा, अवनीश, प्रवीण कुमार, नेहा पाल, शिवांगी, पुष्पा, ममता व रूपा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब समाज, जनप्रतिनिधि और संस्थान मिलकर शिक्षा को सशक्त बनाने का संकल्प लेते हैं, तो भविष्य स्वयं उज्ज्वल हो उठता है।