संजीव मेहता वौइस् ऑफ इंडिया।

जम्मू संभाग के जिला डोडा में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब जिले डोडा के बग्गर इलाके के त्रांगल में एक बस अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जोरदार हुआ कि इसमें 36 लोगों की मौत हो गई है और करीब 19 घायल हैं। बस किश्तवाड़ से जम्मू की ओर जा रही थी।

हादसे का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी डोडा ले जाया जा गया है। इनमें से भी कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। दो घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जीएमसी जम्मू के लिए रेफर किया गया, लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई।

ओवरटेक के चलते हुआ हादसा

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी में पता चला है कि इस मार्ग पर तीन बसें एक साथ चल रही थी और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर दुख जताया है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी हादसे दुख प्रकट किया है।

सूत्रों ने बताया कि काफी ऊंचाई से गिरने के कारण बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अलावा पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवान बचाव अभियान में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कुछ घायल यात्रियों को अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है।