देहरादून:संजीव मेहता। राजधानी देहरादून से ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खुद को राहुल गांधी का पीए बताने वाले एक शख्स ने राज्य आंदोलनकारी भावना पांडेय को चुनाव टिकट दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये ठग लिए।
आरोपी ने खुद को कनिष्क बताते हुए दावा किया कि उसकी पहुंच कांग्रेस के बड़े नेताओं तक है। भरोसा जीतने के लिए उसने कथित तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की आवाज भी सुनाई।
आरोपी ने भावना पांडेय को विधायकों से मुलाकात कराने और टिकट दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये मांगे गए।
पीड़िता के मुताबिक, 13 अप्रैल 2026 को उसने करीब 9.5 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर किए, जबकि 5 लाख रुपये नकद दिए। बाद में आरोपी के एक साथी को भी कई किस्तों में रकम दी गई। कुल मिलाकर 25 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए गए।
जब लंबे समय तक टिकट नहीं मिला और आरोपी टालमटोल करने लगा तो महिला को ठगी का एहसास हुआ। अब पीड़िता ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह एक बड़ा गैंग हो सकता है, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को टिकट दिलाने के नाम पर ठगी करता है।